चंद्रिमा बनर्जी, नई दिल्लीः नॉन-फंजिबल टोकन यानी एनएफटी को लेकर लंबे समय से बहस हो रही है कि यह आर्टवर्क यानी कलाकृति हैं या नहीं? एक डिस्कशन पेज पर कुछ लोगों ने इसे लेकर बातें शुरू कीं। जहां कई लोगों ने एनएफटी को कलाकृति बताया तो कुछ का कहना था कि इसे कॉन्ट्रैक्ट या फिर रसीद कहा जा सकता है। यह अपने आप में आर्टवर्क नहीं है। यहां से एक नया सवाल पैदा हो गया कि आखिर एनएफटी खरीदने वाले को असल में मिलता क्या है? वो किस चीज का हकदार माना जाता है? एक मशहूर शख्स ने अपने एक क्रिएशन की एनएफटी नीलामी करते समय साफ तौर पर कहा, 'मैं अपना ओरिजनल क्रिएशन नहीं बेच रहा और न ही उसे बनाने की तकनीक बेच रहा हूं।' फिर सवाल उठा कि जब उन्होंने क्रिएशन नहीं बेचा उसकी तकनीक नहीं बेची तो खरीदने वाले के पास अखिर आया क्या? दरअसल एनएफटी की अभी तक की समझ के हिसाब से यह किसी आर्टवर्क के मालिकाना हक का एक सर्टिफिकेट है। लेकिन अभी तक यह साफ़ नहीं है कि मालिकाना हक का मतलब कॉपीराइट है या नहीं। यही वजह है कि परंपरागत तौर पर कला से जुड़े लोग अपनी कलाकृतियों को एनएफटी के तौर पर लाने से हिचक रहे हैं। साहित्य, संगीत और पेटिंग के एनएफटी छापे और बेचे तो जा रहे हैं, लेकिन उतने धड़ल्ले से नहीं। उदाहरण के तौर पर तकरीबन 10 महीने पहले किसी ने मोनालिसा का NFT बनाकर डाला। उसे मोनालिसा का पहला एनएफटी कहकर प्रचारित किया गया, लेकिन ऑक्शन पेज पर गिने चुने लोगों ने दिलचस्पी दिखाई। वहीं अगर मोनालिसा की पेटिंग को रखने वाला म्यूजियम उसकी एनएफटी लिस्ट करता, तो हो सकता है कि उसे काफी अच्छी प्रतिक्रिया मिलती। लेकिन यह समझना ज़रूरी है कि अगर कोई मोनालिसा का एनएफटी खरीद लेता है, तब भी असल पेटिंग म्यूजियम में ही रहेगी और उस पर फ्रांसीसी सरकार का ही हक रहेगा। ऐसे में जो भी शख्स मोनालिसा का एनएफटी खरीदेगा, उसे बदले में सिर्फ शेखी बघारने का ही अधिकार मिलेगा। लेकिन ऐसा नहीं है कि एनएफटी का एकाधिकार देना बिल्कुल नामुमकिन है। यह पूरी तरह क्रिएटर पर निर्भर करता है कि वह एनएफटी के साथ ओरिजनल किएशन भी बेचना चाहता है या सिर्फ उसके डिजिटल वर्जन का एनएफटी। एनएफटी की असल वैल्यू भी बहस का विषय है, लेकिन फिलहाल असेट के रूप में यह काफी अच्छा प्रदर्शन कर रहा है। 2019 के मुक़ाबले 2020 में एनएफटी के एक्टिव वॉलेट्स की संख्या 97 प्रतिशत तक बढ़ गई।
NFT खरीदने वाले को आखिर क्या मिलता है? ओरिजनल आर्टवर्क या उसका डिजिटल स्वरूप!
Written by
Published: Feb 25, 2022 02:05 PM